
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने सराय ख्वाजा गांव स्थित ऐतिहासिक सूरजकुंड पर ग्रामीण संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश, सामाजिक संरचना और क्षेत्र की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर सूरजकुंड के ऐतिहासिक महत्व, परंपराओं और लोक मान्यताओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण जीवन शैली, सामाजिक ताने-बाने और सांस्कृतिक मूल्यों का गहन अध्ययन किया।
संकायाध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा में अर्जित ज्ञान को समाज के बीच जाकर समझना और अनुभव करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विभाग के डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. अवध बिहारी सिंह सहित अर्पित यादव, आशुतोष सिंह, पंकज सिंह और आनंद सिंह उपस्थित रहे। छात्र स्वयंसेवकों सुमित सिंह, दिव्यांशु सिंह एवं पृथ्वीराज ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
ग्राम प्रधान रैना संतोष सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए इस पहल को गांव और विश्वविद्यालय के बीच संवाद का सेतु बताया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं पारस्परिक संवाद के साथ हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को ग्रामीण जागरूकता और संवाद की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।




