
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने कथित रूप से कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान दलसिंगार उर्फ पप्पू (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर थे। शनिवार शाम करीब 8 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कीटनाशक सेवन की पुष्टि की। इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र राम तीरथ की तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक रूप से अस्थिर थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।




