
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर, मड़ियाहूं। जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शौच के लिए घर से बाहर गई एक नाबालिग युवती के साथ चार नकाबपोश युवकों ने गेहूं के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में खेत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना 26 मार्च की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग युवती घर के पास शौच के लिए गई थी, तभी चार युवकों ने उसे जबरन उठाकर दूर गेहूं के खेत में ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
परिजनों के अनुसार, देर रात तक युवती के घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद वह घर से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में गंभीर अवस्था में पड़ी मिली।
डर और धमकी के कारण परिजनों ने तीन दिनों तक घटना को छिपाए रखा और चुपचाप इलाज कराते रहे। बाद में जब आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने परिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
शुक्रवार की शाम परिजन पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे और लिखित तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने पहली तहरीर हटवाकर दूसरी तहरीर लिखवाई। परिजनों का कहना है कि गंभीर मामले के बावजूद शनिवार दोपहर 1 बजे तक पीड़िता का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और उसे उसकी मां के साथ कोतवाली परिसर में ही बैठाए रखा गया।
हालांकि, पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



