
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
अयोध्या। में एक बड़ी लापरवाही ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना कैंट क्षेत्र की कौशलपुरी कॉलोनी फेस-2 में एक वाहन चालक की लापरवाही से विद्युत पोल गिर गया। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि पोल गिरने के बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद तक न तो पोल को ठीक कराया गया और न ही विद्युत विभाग ने तत्काल सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए। गिरा हुआ पोल और चालू विद्युत आपूर्ति लोगों में भय और नाराजगी का कारण बनी रही। कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि यदि कोई राहगीर या बच्चा इसकी चपेट में आ जाता, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाना चाहिए, लेकिन यहां लापरवाही ने पूरे इलाके को खतरे में डाल दिया। स्थानीय नागरिकों ने दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है अब सभी की निगाहें प्रशासन और बिजली विभाग पर टिकी हैं कि आखिर इस गंभीर लापरवाही पर क्या कार्रवाई होती है और कब तक कॉलोनी की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित बनाई जाती है।



