
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के महुली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर से खून बहने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुली निवासी सुषमा कुमारी पत्नी सुरेश कुमार ने थाना चन्दवक में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 26 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे उनके पति सुरेश कुमार को उनके ही पट्टीदारों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
आरोप है कि सीमा, रीमा पुत्री संजय कुमार, संजय पुत्र खरपतू तथा आशीष पुत्र संजय, सभी निवासी महुली, एक राय होकर विवाद करने लगे और मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सुरेश कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर दो युवतियों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




