बाल वाटिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, वंडर बॉक्स प्रशिक्षण संपन्न
बाल वाटिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, वंडर बॉक्स प्रशिक्षण संपन्न

संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर
विकास खंड डोभी स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर प्री-प्राइमरी शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में दो दिवसीय वंडर बॉक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्री-प्राइमरी एवं बाल वाटिका शिक्षा के अंतर्गत वंडर बॉक्स के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए एआरपी राजेश यादव एवं संतोष यादव ने विषयवस्तु को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे प्रतिभागियों को गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति को समझने में आसानी हुई।
इस अवसर पर विशेष रूप से बाल वाटिका में नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि खेलकूद एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इससे बच्चों की सीखने की रुचि भी बढ़ती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।




