
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अनिल पाण्डेय
चंदवक /जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गहना साफ करने के नाम पर दो अज्ञात ठगों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया और सोने का चेन लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरईछ निवासी सलिल कुमार पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। उस समय घर पर उनकी पत्नी गायत्री देवी मौजूद थीं। ठगों ने खुद को गहना साफ करने वाला बताते हुए चांदी और सोने के आभूषण चमकाने का झांसा दिया।
विश्वास में लेकर उन्होंने एक पुड़िया में कोई पाउडर भी दिखाया और महिला से गले का चेन ले लिया। चेन में ‘ॐ’ लिखा हुआ लॉकेट भी लगा था। जब महिला ने और गहने देने से मना किया, तो दोनों आरोपी मौका पाकर चेन और लॉकेट लेकर फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार, एक आरोपी सफेद शर्ट और दूसरा आसमानी शर्ट पहने हुए था, जिन्हें वह सामने आने पर पहचान सकती है।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना चंदवक में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस नें तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कार मामले की जांच -पड़ताल में जुट गई है।




