
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारी गांव में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां बिजली ठीक करने के दौरान करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारी गांव निवासी लाल बिहारी का पुत्र राज यादव (14 वर्ष) घर में आई विद्युत खराबी को स्वयं ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
कुछ समय बाद जब परिजन घर लौटे तो राज को जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। परिजन तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गौरा बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी गहरा शोक व्याप्त है।




