
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सेहरा गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेहरा गांव निवासी पवन सिंह (32 वर्ष), पुत्र दिवाकर सिंह ने अपने घर के पास स्थित नीम के पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक ने बिजली के केबल तार का इस्तेमाल कर फांसी लगाई। आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले अपने मकान की छत से नीम के पेड़ की डाल में केबल बांधा और फिर उसे गले में लपेटकर छत से कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह करीब 5 बजे जब परिजनों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।




