
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर अपनी बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 15 अप्रैल 2026 की है जब छात्रा रोज़ की तरह स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन छुट्टी के बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने उसकी तलाश तेज कर दी।
इसी दौरान पीड़िता की मां को अपने मोबाइल में एक संदिग्ध मैसेज मिला, जिसमें गांव के ही युवक आकाश निषाद का नाम सामने आया। आरोप है कि उक्त युवक ने लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से ही लड़की के संपर्क में था और उसने उसे लालच देकर अपने साथ ले जाने की साजिश रची। मामले में एक अन्य युवक का नाम भी सामने आ रहा है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए बेटी की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है




