
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के कनावा नहर स्थित एक पुलिया के नीचे मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने नहर में शव उतराता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान जटाशंकर सरोज (32) पुत्र अमरनाथ सरोज, निवासी बिठौली थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बहन के घर रानीपुर गांव, मड़ियाहूं आया हुआ था।
अचानक नहर में शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




