
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे तीन नामजद आरोपितों में से एक रवि यादव को पुलिस ने सोमवार भोर में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। रवि यादव खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी गांव का निवासी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था बताया जा रहा है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से एसआईटी और एसटीएफ लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए रवि यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।
गौरतलब है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी मोरखनाथ बिंद की पुत्री सोनी बिंद के साथ तय हुई थी। एक मई की रात बारात लेकर जाते समय खेतासराय के बादशाही बाजार के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कार रोककर दूल्हे आजाद बिंद को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना के बाद मृतक के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद, सोंधी निवासी रवि यादव और जपटापुर निवासी भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक शरण देने और सहयोग करने के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।




