Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
चंदौलीयूपी

चंदौली में महिला सपा जिलाध्यक्ष से घर में घुसकर मारपीट

CCTV में कैद हुई दबंगई, 4 मिनट तक चलता रहा हमला

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता

चंदौली।  जिले में राजनीति को हिलाकर रख देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गार्गी सिंह पटेल के साथ उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला मुगलसराय क्षेत्र के मढ़िया गांव का बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह करीब 9:24 बजे गार्गी सिंह पटेल अपने घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि जमीन के कारोबार को लेकर विवाद के बीच उनके बिजनेस पार्टनर प्यारे लाल यादव के साथ कई लोग जबरन घर में घुस आए और हमला बोल दिया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावरों ने महिला नेता को बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा, लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला किया। करीब 4 मिनट 8 सेकेंड तक घर के अंदर मारपीट और चीख-पुकार का माहौल बना रहा।
टेबल उठाकर सिर पर हमला
पीड़िता के अनुसार, हमलावरों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि कमरे में रखी लकड़ी की टेबल उठाकर उनके सिर पर दे मारी गई। वार के बाद वह जमीन पर गिर पड़ीं और टेबल भी टूट गई। घटना के दौरान घर में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
गार्गी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि हमलावर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
आंखों में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
हमले में महिला नेता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी आंखों में चोट आई है और शरीर पर कई जगह सूजन व चोट के निशान बताए जा रहे हैं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सपा जिलाध्यक्ष बोले — “महिला नेता भी सुरक्षित नहीं”
सत्यनारायण राजभर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जब एक महिला नेता अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं अरूण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से तहरीर भेजी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!