
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। रामदयालगंज बाजार में 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लोक शक्ति उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन न्यायिक मजिस्ट्रेट शाहगंज रानी गरिमा जायसवाल को सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। व्यापारियों का आरोप है कि बाजार के दोनों छोर से घनी आबादी और दुकानों के बेहद करीब से हाईटेंशन लाइन खींची जा रही है, जो किसी भी समय बड़े हादसे को दावत दे सकती है। आरोप यह भी लगाया गया कि हाईकोर्ट के कथित रोक के बावजूद बिजली विभाग द्वारा रात के समय गुपचुप तरीके से कार्य कराया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
प्रदेश अध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि यह कार्य मानव सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि इस पूरी लाइन को तत्काल प्रभाव से अंडरग्राउंड केबलिंग के माध्यम से स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी जनहानि को रोका जा सके। वहीं प्रदेश महामंत्री अनवारूल हक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो व्यापार मंडल व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान अमरनाथ मोदनवाल, सुनील चौरसिया, मनोज जायसवाल, राजेश यादव, धर्मेन्द्र अग्रहरी सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।




