
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। टीजीटी परीक्षा के दौरान टीडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक सत्यापन में बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। आधार कार्ड और बायोमैट्रिक रिपोर्ट मिसमैच होने पर जांच में पता चला कि एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, मऊ जनपद निवासी आशीष कुमार के स्थान पर प्रयागराज निवासी राबेन्द्र प्रसाद परीक्षा देते हुए पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आशीष कुमार के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
केंद्राध्यक्ष प्रो. कुंवर बहादुर यादव की लिखित तहरीर पर थाना लाइन बाजार में मुकदमा दर्ज कर आरोपी राबेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।




