
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र में गुरुवार को बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने हुई टक्कर में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरा मामला मौहरी गांव निवासी मुन्ना अपनी तीन बेटियों के साथ गोपालापुर स्थित ससुराल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान भान्नौर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया।हादसे में ऑटो चालक बृजभान (28) पुत्र हीरालाल निवासी जमालपुर थाना रामपुर समेत मुन्ना (45), खुशबू (12), अंजलि (13) और चांदनी (15) घायल हो गए। घायलों को सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




