Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
गाज़ीपुरयूपी

हाईवे पर मातम: बस की टक्कर से देवरानी-जेठानी और 4 माह के मासूम की मौत, पिता-बेटी गंभीर

हाईवे पर मातम: बस की टक्कर से देवरानी-जेठानी और 4 माह के मासूम की मौत, पिता-बेटी गंभीर

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

गाजीपुर।  सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे सैदपुर-बहरियाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता और उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान मिर्जापुर जनपद के अदलहट थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव निवासी काजल गिरी (23), रितु देवी (25) तथा काजल के चार माह के पुत्र सहजल के रूप में हुई है। हादसे में काजल के पति प्रतीक गिरी और उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री श्रेया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतीक गिरी अपनी पत्नी, बेटे, बेटी और भाभी रितु देवी के साथ वाराणसी आए थे, जहां उनकी सास का ऑपरेशन कराया गया था। इसके बाद परिवार आजमगढ़ के नदवा मठियां गांव स्थित रिश्तेदार के घर गया था। रविवार को सभी लोग एक ही बाइक से अपने गांव शाहपुर लौट रहे थे।

सुबह करीब 11 बजे उनकी बाइक शरीफपुर अंडरपास के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान सड़क पर गिरी काजल गिरी, रितु देवी और काजल की गोद में मौजूद चार माह का मासूम सहजल बस की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार प्रतीक गिरी की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने पीछा कर बस को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!