
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। थाना क्षेत्र के शिवरामपुर कला गांव में दूध लेकर डेरी जा रहे एक युवक पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवरामपुर कला निवासी गौरव यादव पुत्र अशोक यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 6 जून 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे वह घर से दूध लेकर अमूल डेरी जा रहा था। रास्ते में देव इंटरनेशनल स्कूल के पास गांव के ही रामप्रकाश यादव, सूर्यप्रकाश यादव, योगेश यादव तथा महेश यादव ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान उसके चाचा ज्ञानन्जय यादव दूध देकर वापस लौट रहे थे। उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि विपक्षी दोबारा उनके घर पहुंच गए और परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। आरोपियों ने महिलाओं को गालियां दीं तथा चाची विमला देवी के साथ भी मारपीट की। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




