
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
भदोही । मानवता और बहादुरी की मिसाल पेश करते हुए भदोही के 25 वर्षीय नवविवाहित युवक विकास सरोज ने डूब रहे युवक की जान तो बचा ली, लेकिन खुद गंगा की तेज धारा में समाकर हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। यह देखकर विकास सरोज बिना अपनी जान की परवाह किए गंगा नदी में कूद पड़े। उन्होंने साहस दिखाते हुए डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर खुद लापता हो गए।
घटना के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने खोज अभियान शुरू किया। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे से गंगा के दोनों किनारों पर तलाश की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद विकास का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
37 दिन में उजड़ गया सुहाग
विकास सरोज की शादी महज 37 दिन पहले हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी प्रीति सरोज बेसुध हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मां, भाई और अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं।
पिता का छलका दर्द
मृतक के पिता ने नम आंखों से कहा, “जिस बेटे के सहारे बुढ़ापा काटने का सपना देखा था, आज उसी को कंधा देना पड़ रहा है।” यह सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
गांव में शोक की लहर
विकास की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई उनकी बहादुरी को याद कर रहा है। लोगों का कहना है कि विकास ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरे की जिंदगी बचाने के लिए जो कदम उठाया, वह हमेशा याद रखा जाएगा।




