
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में 6 माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जानकारी के अनुसार, महिला को उपचार के लिए खुटहन क्षेत्र के किरण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और उचित उपचार न मिलने के कारण गर्भवती महिला की हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है खुटहन थाना क्षेत्र के किरण हॉस्पिटल से जुड़ा यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




