
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदौली: जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिकंदरपुर-नंदपुर मार्ग (शर्मा रोड) स्थित बैरी गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे दो अलग-अलग बाइकों पर सवार चार युवक तेज गति से आ रहे थे। बैरी गांव के पास अचानक दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
मृतक की पहचान सूरज गौड़ (21 वर्ष), निवासी बिसौराअंश पटेल (20 वर्ष), निवासी मैनपुर बताया जा रहा है
हादसे में पीछे बैठे दो युवक अनुराग (निवासी रामपुर कला)श्लोक (निवासी बैरी) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




