
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। थाना जफराबाद क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम ने एक बार फिर सराहनीय पहल करते हुए पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को आपसी समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझा दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी श्रृष्टि जैन एवं थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की।
मामला ग्राम समोपुर खुर्द, थाना जफराबाद का था, जहां रीना देवी पत्नी दशरथ गौतम और उनके पति दशरथ गौतम के बीच आपसी मतभेद चल रहा था। शिकायत मिलने पर दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया, जहां उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना गया और समझा गया।
मिशन शक्ति टीम द्वारा धैर्यपूर्वक काउंसलिंग और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर सुलह कर ली।
इस दौरान टीम ने दोनों को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।
साथ ही, सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी अवगत कराया गया।




