न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र के मढ़ी गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। गांव निवासी पवन यादव की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जानकारी के अनुसार, पवन यादव पुत्र सरमु यादव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की भीषण चपेट में आने से पवन गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पवन की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और हर आंख नम हो उठी ग्रामीणों ने बताया कि पवन मिलनसार और मेहनती स्वभाव के युवक थे। उनकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर कर दिया।




