न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। जिले के केराकत थाना क्षेत्र के डेडवाना गांव में संपत्ति के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से छोटा भाई लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया घायल की पहचान 35 वर्षीय मनीष चंद्र यादव, पुत्र स्वर्गीय रामबचन यादव, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह कहासुनी के दौरान बड़े भाई का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने चाकू निकालकर मनीष के पेट पर वार कर दिया।
हमले के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही केराकत थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूछताछ के लिए आरोपी के बेटे को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है इधर, गंभीर रूप से घायल मनीष चंद्र यादव को परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



