
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/ जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के डेढ़वाना गांव में संपत्ति के बंटवारे का विवाद गुरुवार सुबह उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब दो सगे भाइयों के बीच कहासुनी के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई घटना सुबह करीब 10 बजे की है। घायल की पहचान 35 वर्षीय मनीष चंद्र यादव, पुत्र स्वर्गीय रामबच्चन, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने आपा खो दिया और मनीष के पेट में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए इस हमले से मनीष लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही केराकत पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के बेटे को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है घायल मनीष को परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है घटना के बाद पीड़ित की पत्नी ने प्रशासन से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।




