
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। थाना एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कैंट कमिश्नरेट वाराणसी में तैनात उर्दू अनुवादक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शाह मोहम्मद शारिक पुत्र स्वर्गीय सिराजुद्दीन निवासी सदर बाजार, कैंटोनमेंट वाराणसी ने 16 जुलाई 2026 को एंटी करप्शन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि थाना कैंट में दर्ज मुकदमों के आधार पर उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराने की धमकी देकर उर्दू अनुवादक अब्दुल रहमान अंसारी द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने कहा था कि यदि 20 हजार रुपये दे दिए जाएं तो उसके खिलाफ प्रस्तावित गुंडा एक्ट की कार्रवाई रोक दी जाएगी तथा अन्य मामलों को भी समाप्त करा दिया जाएगा शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। 17 जुलाई 2026 को आरोपी ने शिकायतकर्ता को जेएचवी मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट में बुलाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। हाथ धुलवाने पर रासायनिक परीक्षण में घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई आरोपी के खिलाफ थाना लालपुर-पांडेयपुर, कमिश्नरेट वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।




