
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। जनपद जौनपुर के केराकत क्षेत्र अंतर्गत रतनूपुर बाजार में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा नीम का आधा पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। संयोग अच्छा रहा कि उस समय पेड़ की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया, जिससे जनहानि नहीं हुई पेड़ गिरने से थाना गद्दी–मोड़ईला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह उर्फ करिया सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मजदूरों को मौके पर बुलाया और सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाने का कार्य शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका स्थानीय लोगों ने समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता के कारण घंटों तक लगने वाला जाम जल्द समाप्त हो गया और लोगों को राहत मिली।




