
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गहरौल गांव के पास शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक कुमार सरोज (40), निवासी वाजिदपुर, थाना रामपुर के रूप में हुई है। वह बरसठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर के पद पर तैनात थे जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार शनिवार सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए बरसठी सीएचसी जा रहे थे। गहरौल गांव में नजीर सिंह की पाही के पास सड़क पार कर रहे एक सांप को देखकर उन्होंने अचानक बाइक में ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य के चलते सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दीपक सड़क पर गिर पड़े हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। बताया गया कि चोट के कारण काफी रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
सड़क पर बिखरे पत्थर बने हादसे की वजह स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर बिखरे पत्थरों और गिट्टियों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति में अचानक ब्रेक लगाए जाने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। दीपक कुमार की मौत की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई।




