
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। आठवें वेतन आयोग में जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनर्स को शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित सभा में पेंशनर्स ने केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की सभा को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पेंशनर्स को हल्के में न लिया जाए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में सरकार और समाज की सेवा की है। उनकी मांगों की अनदेखी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन की रणनीति के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि आठवें वेतन आयोग में पुराने पेंशनर्स को शामिल किया जाना चाहिए। तिथि के आधार पर पेंशनर्स के बीच अधिकारों में अंतर पैदा नहीं होना चाहिए। सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सीबी सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया। इस दौरान पेंशनर्स ने 12 सूत्रीय मांगों का प्रस्ताव पारित किया। प्रमुख मांगों में जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग में शामिल करना, वेतन आयोग में देरी होने पर अंतरिम राहत देना, कर्मचारियों-पेंशनर्स-शिक्षकों के लिए अलग सीपीआई निर्धारित करना, 65 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक पांच वर्ष में पांच प्रतिशत पेंशन वृद्धि तथा 50 प्रतिशत से अधिक महंगाई भत्ते को मूल पेंशन में मर्ज करना शामिल रहा धरना स्थल पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह ने संगठन का ज्ञापन प्राप्त किया और उसे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक भेजने का आश्वासन दिया इस अवसर पर कृष्ण कुमार त्रिपाठी, प्रमोद कुमार सिंह, दशरथ राम, चंद्रशेखर सिंह, रामकृष्ण यादव, ओंकार नाथ मिश्र, नरेंद्र कुमार सिंह, पुट्टीलाल यादव, सूबेदार यादव, राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।




