
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
बलिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत बछईपुर गांव के छोटका पूरा में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी की विदाई न होने से आक्रोशित युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वहीं मासूम बेटे और ससुर पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड की शादी करीब चार वर्ष पूर्व बछईपुर निवासी प्रीति गोंड (22) से हुई थी। दंपत्ति का ढाई वर्ष का एक पुत्र भी है। बताया जा रहा है कि पति के कथित उत्पीड़न से परेशान होकर प्रीति कुछ महीनों से अपने मायके में रह रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और अमित ने कथित रूप से धमकी भी दी थी।
शनिवार की रात गांव में बारात के चलते नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देर रात आरोपी युवक छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और छत पर सो रही पत्नी प्रीति व सास सुशीला देवी (45) पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान उसने अपने ढाई वर्षीय बेटे पर भी हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर नीचे सो रहे ससुर अंतु गोंड (50) मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल तथा क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।



