
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी/जौनपुर: चंदवक थाना क्षेत्र के तरांव गांव में एक विवाहिता अपने दो मासूम बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राहुल खरवार सोमवार सुबह रोज़ की तरह काम पर चले गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी।
हालांकि, देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की गई, लेकिन महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में पता चला कि वह बच्चों को स्कूल तक लेकर भी नहीं गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पति राहुल खरवार ने मंगलवार सुबह चंदवक थाने में पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है और महिला व बच्चों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




