
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। बकाया रुपये मांगने पर मारपीट करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर गोबरा गांव के ग्राम प्रधान प्रकाश शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सोमवार को अदालत के निर्देश के बाद की गई।
पीड़ित मनोज पाठक ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान ने तीन वर्ष पूर्व उनसे 2.5 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से अब तक 1.50 लाख रुपये वापस नहीं किए गए हैं। पीड़ित के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 को जब उन्होंने अपने बकाया रुपये की मांग की, तो आरोपी प्रधान ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके हाथ की एक अंगुली भी टूट गई।
पीड़ित का कहना है कि स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। इसके बाद अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थाना चंदवक के प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




