
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडराई गांव से एक विवाहिता अपनी 4 वर्षीय पुत्री के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होt गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर के कनकपुर निवासी , पिंडराई गांव में ससुराल में रहती एक महिला, बीते 8 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे अपनी 4 वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से पिंडरा बाजार दवा लेने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि पिंडरा स्थित एक दुकान पर उसने अपनी स्कूटी खड़ी कर सब्जी विक्रेता को चाबी देते हुए कहा कि वह चाबी उसके पिता को दे दे, इसके बाद वह वहां से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।
शाम तक घर न पहुंचने पर मायके और ससुराल पक्ष के लोग चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद गुरुवार को परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया और सर्विलांस की मदद से महिला और उसकी पुत्री की तलाश में जुटी हुई है।




