कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले प्रधानाध्यापक निलंबित, FIR दर्ज
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले प्रधानाध्यापक निलंबित, FIR दर्ज

न्यूज़ खबर इंडिया
गाजीपुर
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ कथित अभद्र और अश्लील टिप्पणी करना एक प्रधानाध्यापक को भारी पड़ गया है। शिक्षा क्षेत्र मरदह के कंपोजिट विद्यालय गुलालसराय में तैनात प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव को निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। शिकायत मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल रविंद्र सिंह को सौंप दी।
वहीं, अनुसूचित प्रकोष्ठ युवा मोर्चा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार साहनी की तहरीर पर मरदह थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा सार्वजनिक मंच पर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है और इससे शिक्षक समाज की छवि धूमिल होती है। साथ ही विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
मामले को लेकर सुभासपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। FIR दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग और जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




