Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
उत्तर प्रदेशजौनपुर

मेहंदी की खुशियां मातम में बदलीं: शादी समारोह में दबंग ने की फायरिंग, अधेड़ गंभीर

मेहंदी की खुशियां मातम में बदलीं: शादी समारोह में दबंग ने की फायरिंग, अधेड़ गंभीर

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर। जनपद में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम के बीच जफराबाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नाथूपुर गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेहंदी कार्यक्रम में पहुंचे एक दबंग युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक होने पर वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बांकेलाल गुप्ता के यहां मंगलवार को बारात आनी थी। सोमवार रात घर में मेहंदी की रस्म चल रही थी और परिवार सहित रिश्तेदार जश्न में शामिल थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक बाइक से मौके पर पहुंचा और हाथ में तमंचा लहराते हुए अचानक फायर झोंक दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावर ने बांकेलाल के चाचा प्रेम साव (60) को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली उनके जबड़े को चीरते हुए गर्दन में फंस गई, जिससे मौके पर ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।

परिजनों ने तत्काल घायल प्रेम साव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

जनपद में लगातार बढ़ रही हत्या, गोलीबारी और आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है, जिससे आए दिन ऐसी वारदातें सामने आ रही हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!