Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
केराकतजौनपुरयूपी

चाकू की नोक पर ढाई लाख के जेवर लूटे, छह दिन बाद भी बदमाश बेनकाब नहीं

एकौनी गांव में रात के सन्नाटे में वारदात, पीड़ित परिवार दहशत में और ग्रामीणों में पुलिस कार्रवाई को लेकर आक्रोश

न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता 

केराकत/जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एकौनी गांव में चाकू की नोक पर महिला से करीब ढाई लाख रुपये से अधिक के जेवर लूटने वाले तीन अज्ञात बदमाशों का पुलिस छह दिन बाद भी सुराग नहीं लगा सकी है। घर में घुसकर हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पीड़ित परिवार भय के साए में है, जबकि गांव के लोगों में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी बढ़ती जा रही है बताया जाता है कि घटना करीब छह दिन पहले रात लगभग 11 बजे की है। एकौनी गांव निवासी अखिलेश यादव की पत्नी घर में सो रही थीं। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और चाकू सटाकर आतंकित कर दिया।

बदमाशों ने महिला के गले की चेन, पायल, अंगूठी, मीना, बाली समेत अन्य कीमती आभूषण उतरवा लिए। पीड़िता के मुताबिक, लूटे गए जेवरों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये से अधिक है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की, लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घर के भीतर घुसकर चाकू की नोक पर हुई लूट ने पूरे परिवार को सहमा दिया है। ग्रामीणों का भी कहना है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र में अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं पीड़ित परिवार ने पुलिस से बदमाशों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और लूटे गए जेवर बरामद करने की मांग की है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी रोष है और लोग पुलिस से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं इस संबंध में केराकत कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!