
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
बस्ती। जिले के रुधौली क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डुमरियागंज रोड पर दौड़ रही एक बोलेरो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और बोलेरो आग का गोला बन गई। सड़क पर धुएं का गुबार उठता देख राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में तेज लपटों ने पूरी गाड़ी को घेर लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोक दिया और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी वाहन के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है इस घटना के चलते डुमरियागंज रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।




