
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
हरदोई। जिले के कछौना थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक शादीशुदा युवक और उसकी प्रेमिका ने एक ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सरवन और 20 वर्षीय कुंती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरवन शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था। इसके बावजूद उसका कुंती से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चाएं थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामाजिक और पारिवारिक दबाव के बीच दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया घटना का पता तब चला जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दोनों के शव फंदे से लटके मिले। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। एक ओर तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं दूसरी ओर एक युवती की जिंदगी भी असमय खत्म हो गई। प्रेम संबंध का यह दुखद अंत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




