
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदौली। नगर पंचायत क्षेत्र में मझवार रेलवे स्टेशन के समीप नेशनल हाईवे-19 पर रविवार सुबह सड़क पार करते समय एक वृद्ध की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त की गई। जानकारी के अनुसार सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया गांव निवासी लालचंद (65) रविवार सुबह मझवार रेलवे स्टेशन जाने के लिए नेशनल हाईवे-19 पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने शव को पीपी किट में रखकर सुरक्षित कराया तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि हाईवे पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से फुटिया गांव निवासी वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




