
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मछलीशहर क्षेत्र के बरेला ताल से जल निकासी के लिए बने नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया। रविवार सुबह करीब 11 बजे मरी माई मंदिर के पास स्थित नाले पर शौच के लिए गए एक मजदूर की नजर शव पर पड़ी। उसने तत्काल चकमुबारकपुर गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ उपनिरीक्षक ओमप्रकाश और मछलीशहर चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले से फॉरेंसिक टीम तथा एसओजी को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। मृतक के गले पर सूजन के निशान पाए गए हैं, जबकि चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों के अनुसार मृतक स्थानीय व्यक्ति नहीं लग रहा है। सीओ बोलीं— हत्या का मुकदमा दर्ज क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान कैलाश नाथ बिंद की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




