
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूँ थाना क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की सनसनीखेज वारदात का जौनपुर पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू और गड़ासा, मृतका के कटे हुए पैर, बाइक तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को रानीपुर बाईपास (भदोही मार्ग) के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार शिनाख्त और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर रामनगर ब्लॉक गेट के पास संदिग्ध की घेराबंदी की गई।
पुलिस का कहना है कि घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42 वर्ष) निवासी भावनगर, गुजरात (वर्तमान पता टीचर्स कॉलोनी, मड़ियाहूँ) के रूप में हुई है पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 4 जुलाई को मृतका रेशमा खाँ उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से अपने किराये के कमरे पर लाया था। मोबाइल चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए गड़ासे से हाथ-पैर काटकर तीन हिस्सों में बांटा और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, गड़ासा, अवैध पिस्टल, कारतूस, मृतका का कटा हुआ पैर, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है इस संबंध में हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर फायरिंग तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: आरोपी के बयान पुलिस के अनुसार हैं। मामले की अंतिम सच्चाई न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के निर्णय के बाद ही निर्धारित होगी।




