
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। जीआरपी कैंट और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन बनारस के सेकेंड एंट्री स्थित नंदी पार्क के पास से जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदयाल मिश्रा निवासी मिर्जामुराद, वाराणसी तथा ज्योति निवासी जौनपुर के रूप में हुई है पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ATIVAN की 60 नशीली गोलियां, एक ओप्पो मोबाइल फोन, ₹3,180 नकद, एक पीड़िता का आधार कार्ड तथा नमकीन के पैकेट बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से दोस्ती कर खाने-पीने की वस्तुओं में नशीली दवा मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे। इसके बाद उनके मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर बेच देते थे पुलिस के अनुसार इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




