
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को विकास खंड डोभी में नामांकन जागरूकता रैली निकाली गई। बीआरसी चंदवक से खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ डोभी के अध्यक्ष आलोक रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में विकास खंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह रैली बीआरसी चंदवक से प्रारंभ होकर चंदवक बाजार और प्रमुख मार्गों से होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। वहां खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष आलोक रघुवंशी तथा शिक्षक संघ संरक्षक संजय यादव ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली पुनः बीआरसी चंदवक पहुंचकर संपन्न हुई रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “हर बच्चा स्कूल जाए”, “शिक्षा है सबका अधिकार”, “शत-प्रतिशत नामांकन हमारा संकल्प” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।

खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत सिंह ने कहा कि “हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।




