न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित रविदास घाट पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गंगा स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोरी गहरे पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी जानकारी के अनुसार, नगवां निवासी किशोरी बुधवार सुबह बिना किसी को बताए घर से गंगा स्नान के लिए निकल गई थी। परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से कुछ कमजोर थी और उसे अकेले बाहर जाने से मना किया गया था। बावजूद इसके वह घर से निकलकर रविदास घाट पहुंच गई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट पर मौजूद लोगों ने किशोरी को गंगा में उतरने से रोका था वह कुछ देर तक किनारे बैठी रही, लेकिन अचानक पानी में उतर गई।
कुछ ही क्षणों में वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसकी चीख सुनते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी के पिता भारत साहनी बीएचयू में माली के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि उन्हें बेटी के घर से निकलने की जानकारी तक नहीं थी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वे घाट पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी दुनिया उजड़ चुकी थी लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों का बयान दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है एक पल की लापरवाही और गंगा की गहराई ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।




