
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर/मड़ियाहूं। जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर बुधवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दो डंपरों को बचाने के प्रयास में एक यात्री बस सड़क किनारे मिट्टी में धंस गई। बस के दो पहिए मिट्टी में धंसने से वह एक तरफ झुक गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी सात यात्री और चालक सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस बंधवा से बाबतपुर की ओर जा रही थी। गोपालापुर बाजार के पास मोड़ पर सामने से दो डंपर तेज गति से आते दिखाई दिए। टक्कर से बचने के लिए चालक लालचंद ने बस को सड़क के किनारे उतार दिया। इसी दौरान बस के दो पहिए नरम मिट्टी में धंस गए और बस एक ओर झुक गई।
बस के सड़क किनारे फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में उन्हें दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बस को सड़क से बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर हादसे का खतरा बना रहता है।




