
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील के रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर दुबान गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बसुही नदी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में मृतक की पहचान सुरेरी थाना क्षेत्र के पट्टीभरतराय (बनपुरवा) निवासी श्यामजीत गौतम (38) के रूप में हुई जानकारी के अनुसार, श्यामजीत का मूल निवास नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बराई कला गांव में था। वह अपनी ससुराल पट्टीभरतराय गांव में रह रहा था। करीब एक सप्ताह पहले ही वह मुंबई से घर लौटा था। बीते 14 अक्टूबर की शाम वह मछली खरीदने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
शुक्रवार सुबह बसुही नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। श्यामजीत अपने पीछे पत्नी और 10 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है सूचना मिलने पर गोपालापुर चौकी प्रभारी महंगू यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गोपालापुर चौकी प्रभारी महंगू यादव ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।




