
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं, स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में शुक्रवार शाम कथित हवाई फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने मौके पर मौजूद लोगों की ओर निशाना साधते हुए फायरिंग की। ग्रामीणों की घेराबंदी से खुद को घिरता देख आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक बरामद कर ली और गांव में गश्त बढ़ा दी है पीड़ित मानसिंह के मुताबिक, वह गांव के अरुण, यशवंत समेत करीब पांच युवकों के साथ एक स्थान पर खड़े होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उनकी ओर निशाना साधते हुए हवाई फायरिंग करने लगे। गोली चलने की आवाज से मौके पर मौजूद युवक घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने दोबारा फायरिंग की फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख तीनों युवक बाइक छोड़कर पैदल फरार हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों की बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई घटना की जानकारी मिलने पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
आपसी विवाद का मामला मान रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद में मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पीड़ितों की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने की बात बताई गई है। फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के मद्देनजर गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।



