
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की अत्याधुनिक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर मौजूद रहे करीब 150 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह इकाई उत्तर प्रदेश में कंपनी की पहली विनिर्माण इकाई है। इससे 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिसमें महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी होगी।

5.5 एकड़ में फैले इस संयंत्र में आधुनिक स्वचालित तकनीक से निटवियर परिधान तैयार किए जाएंगे। इकाई की संभावित वार्षिक राजस्व क्षमता 250 करोड़ रुपये बताई गई है कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे। साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स, आपूर्ति शृंखला और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह परियोजना वाराणसी को वस्त्र एवं परिधान विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




