
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल; लाखों के गहने और सामान पार होने की आशंका
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक सप्ताह के भीतर तीन घरों को निशाना बनाया है। खास बात यह है कि तीनों घटनाओं को लगभग एक ही तरीके से अंजाम दिया गया। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना बुधवार की रात हुई, जब चोरों ने गिरिजा देवी के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। दूसरी घटना गुरुवार की रात होरीलाल निषाद के घर हुई, जहां चोरों ने लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं तीसरी वारदात अवध नारायण के बंद मकान में हुई। चोर खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हुए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। यहां से भी लाखों रुपये के सामान चोरी होने की आशंका जताई जा रही है घटनाओं के बाद गिरिजा देवी ने पतरही चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है, जबकि होरीलाल निषाद ने चंदवक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है लगातार तीन वारदातों के बावजूद चोरों का बेखौफ अंदाज ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है। एक तरफ पुलिस रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ एक ही गांव में लगातार हो रही चोरियां इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब ग्रामीणों को चोरियों के खुलासे, सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।




