
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बरगूदर पुल के पास एक अनियंत्रित ब्रेजा कार ने साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग साइकिल से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह सई नदी स्थित बरगूदर पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलाया। एम्बुलेंस की मदद से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना में शामिल कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है।




